– हेल्थ चेकअप के लिए ऑनलाइन बुकिंग करते समय साइबर ठगों के झांसे में आए, अस्पताल कर्मी बनकर कॉल की और हासिल कर ली आधार व बैंक संबंधी जानकारी
Online Doctor Appointment Scam, JMN : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए डॉक्टर की ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना एक बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। अस्पताल के कर्मचारी बनकर फोन करने वाले साइबर ठग ने विश्वास में लेकर उनकी निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से करीब दो लाख रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुखानी थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर मल्ला निवासी बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने 19 जून को शहर के एक निजी स्वास्थ्य क्लिनिक में हेल्थ चेकअप के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। बुकिंग के कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को अस्पताल से जुड़ा कर्मचारी बताया। उसने अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया पूरी करने का हवाला देते हुए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड से संबंधित जानकारी मांग ली।
जानकारी मिलते ही साइबर ठगों ने पहले खाते से एक-एक रुपये की दो ट्रांजैक्शन कर बैंकिंग विवरण की पुष्टि की। इसके बाद यूपीआई के माध्यम से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में करीब दो लाख रुपये खाते से निकाल लिए। रकम कटने का संदेश मिलने पर बुजुर्ग को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि साइबर ठगी के इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बैंकिंग लेनदेन और मोबाइल नंबरों का विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
साइबर ठगी से ऐसे बचें
– अस्पताल या किसी भी संस्था के नाम से आए फोन की पहले पुष्टि करें।
– ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, एटीएम या आधार संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
– ऑनलाइन भुगतान या बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट और ऐप के माध्यम से करें।
– ठगी का संदेह होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
