जहरखुरानों ने बीएसएफ जवान को जहर देकर मार डाला

जहरखुरानों ने बीएसएफ जवान को जहर देकर मार डाला

– ड्यूटी से घर लौट रहे बीएसएफ जवान का आखिरी सफर बना, जैसलमेर से जा रहा था रुड़की, काठगोदाम तक पहुंचा अचेत

BSF Jawan Dies After Suspected Poisoning by Train Robbers, JMN : ड्यूटी से घर घर लौट रहे बीएसएफ जवान का यह सफर आखिरी साबित हुआ। ट्रेन में सफर के दौरान वह जहरखुरानियों का शिकार हो गया। जवान जैसलमेर से अपने घर रुड़की के लिए निकला था, लेकिन अचेत अवस्था में वह काठगोदाम पहुंच गया। उसे उपचार के लिए डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित झंडेरा निवासी 53 वर्षीय सत्यपाल सिंह पुत्र नेतराम, बीएसएफ की 20वीं बटालियन में जैसलमेर में तैनात थे। रविवार को वह छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। जोधपुर से ट्रेन में सवार होने के बाद उन्होंने अपने बेटे से फोन पर बात कर घर आने की जानकारी दी थी। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया।

सोमवार देर शाम काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर जीआरपी कर्मियों की नजर एक अचेत व्यक्ति पर पड़ी। पहचान होने पर पता चला कि वह बीएसएफ जवान सत्यपाल सिंह हैं। उन्हें तत्काल एसटीएच पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मेडिकल चौकी प्रभारी मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यात्रा के दौरान अज्ञात जहरखुरानों ने जवान को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। होश खोने के बाद उनका मोबाइल फोन, पर्स, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान भी गायब मिला। चिकित्सकों का मानना है कि जहरीले पदार्थ का लंबे समय तक असर रहने के कारण उनकी मौत हुई।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना की सूचना बीएसएफ के जैसलमेर मुख्यालय और स्थानीय पुलिस को भी भेज दी गई है। पुलिस जहरखुरानी, लूट और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *