पति की मौत, सदमे में 80 साल की पत्नी ने खाया जहर

पति की मौत, सदमे में 80 साल की पत्नी ने खाया जहर

– गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती, मौत, महेशनगर में वृद्ध दंपत्ति का एक साथ अंतिम संस्कार, क्षेत्र में शोक की लहर

Wife Dies by Suicide After Husband’s Death, JMN : नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित नवाबी रोड में एक वृद्ध की मौत के बाद उसकी 80 वर्षीय पत्नी ने जहर खा कर जान दे दी। वृद्ध दंपत्ति की कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। 85 वर्षीय हरिशंकर अग्रवाल के निधन के बाद उनकी 80 वर्षीय पत्नी कुसुम अग्रवाल यह सदमा सहन नहीं कर सकीं। परिजन के अनुसार, पति के निधन के बाद वह गहरे मानसिक आघात में थीं। शनिवार को अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें आनन-फानन में मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी भी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हरिशंकर अग्रवाल लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार को उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार अभी उनके अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा ही था कि घर में एक और दुखद घटना घट गई।

परिजनों का कहना है कि पति के निधन के बाद कुसुम अग्रवाल बेहद व्यथित थीं और इस सदमे से उबर नहीं सकीं। शनिवार को उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास भी उन्हें बचा नहीं सके।

सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। दंपत्ति का एक पुत्र है, जिस पर एक ही दिन में माता-पिता दोनों को खोने का दुख टूट पड़ा।

शनिवार देर शाम राजपुरा श्मशान घाट में पति-पत्नी का पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ एक ही चिता स्थल पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और क्षेत्रवासी शामिल हुए। महेशनगर में इस मार्मिक घटना की पूरे दिन चर्चा रही और हर किसी की आंखें नम दिखीं। एक साथ वृद्ध दंपत्ति के निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *