. किसान के खाते से कटे थे रुपए, साइबर क्रिमिनल की तीन कॉल के बाद बंद हो गया था किसान का सिम
Cyber Crime, JMN : तो अगर अब आपको लगता है कि साइबर क्रिमिनल को आपके बैंक खाते में सेंध लगाने के लिए ओटीपी की जरूरत है तो सावधान हो जाएं। ताजा मामले में पीड़ित के पास न तो ओटीपी का मैसेज आया और न ही उसने किसी गलत लिंक पर क्लिक किया। पीड़ित के नंबर पर एक के बाद एक तीन कॉल आए और पीड़ित का वो नंबर बंद हो गया, जो बैंक में लिंक था। फिर एक घंटे के भीतर पीड़ित के बैंक खाते से 9.29 लाख रुपए कट गए और उन्हें भनक तक नहीं लगी।
नवाड़ मौला हरक सिंह लामाचौड़ मुखानी निवासी दलविंदर सिंह पुत्र करतार सिंह पेशे से काश्ताकर हैं। उनके दो बेटे हैं और दोनों ऑस्ट्रेलिया में हैं। छोटा बेटा इंजीनियर और बड़ा ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाता है। बीती 12 फरवरी को दलविंदर की पत्नी का देहांत हो गया था, तब से दोनों बेटे यहीं हैं। दलविंदर के मुताबिक, बीती 3 जुलाई की शाम दलविंदर के मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। कॉल उठाते ही कट गई।
इसके फिर लगातार दो बार कॉल आई और दोनों बार ऐसा ही हुआ। एक सामान्य बात समझ कर दलविंदर इसे भूल गए, लेकिन अब तक दलविंदर का वो मोबाइल नंबर बंद हो चुका था, जो बैंक खाते से लिंक था। कॉल कटने के महज एक घंटे के भीतर उनके खाते से 929897.55 रुपए कट गए। अगली सुबह जब दलविंदर बैंक पहुंचे तो उनके होश फाख्ता हो गए।
पासबुक अपडेट कराने पर पता चला कि सारे रुपयों से साइबर क्रिमिनल ने शॉपिंग कर ली है। पासबुक में कटे सारे रुपयों का जिक्र है, जिस पर शॉपिंग कंपनी का नाम भी अंकित है। इसके बाद फौरन दलविंदर ने अपना खाता बंद कराया और सूचना पुलिस को दी। मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। न्यूज वेबसाइट के लिए जरूरी सभी सामग्री उपलब्ध कराएं
