पेंटर ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

पेंटर ठेकेदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

– पड़ोस में रहने वाले बड़े भाई ने छोटे भाई को लटके देखा, पैर पर चोट और मिट्टी लगी देख जताई हत्या की आशंका

Painter Contractor Found Dead, JMN : नैनीताल जिले के काठगोदाम थाना क्षेत्र स्थित बिठौरिया नंबर-2 में रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में शव को फंदे पर लटका दिया गया।

जानकारी के अनुसार मूलरूप से नवाबगंज, बरेली उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय राजेश मौर्य बिठौरिया में किराये के टिनशेड कमरे में रहता था। वह पेशे से पेंटर ठेकेदार था। उसके पिता और बड़ा भाई भी पास में ही रहते हैं।

बताया गया कि मंगलवार को काफी देर तक राजेश कमरे से बाहर नहीं निकला। इस पर उसका बड़ा भाई धर्मेंद्र मौर्य कमरे के पास पहुंचा और खिड़की से झांककर देखा तो राजेश फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पहले मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन क्षेत्र काठगोदाम कोतवाली का होने के कारण बाद में दमुवाढूंगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

मृतक के पिता मिही लाल मौर्य ने आरोप लगाया कि राजेश के पैरों पर चोट के निशान थे और कपड़ों में मिट्टी लगी हुई थी। उनका कहना है कि राजेश पेंट का काम करता था, ऐसे में कपड़ों पर मिट्टी होना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।

घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *