केदार-बद्रीनाथ हेली सेवा के नाम पर 1.17 लाख रुपए की ठगी

केदार-बद्रीनाथ हेली सेवा के नाम पर 1.17 लाख रुपए की ठगी

– इंस्टाग्राम पर संचालित विज्ञापन से झांसे में आया पीड़ित, सरकारी एजेंट बनकर साइबर क्रिमिनल ने बिछाया जाल

Kedarnath-Badrinath Heli Service Fraud, JMN : नैनीताल जिले के हल्द्वानी से केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक कराने के नाम पर एक परिवार से 1.17 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं रेंज रुद्रपुर में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी तहरीर में अम्बिका विहार निवासी अवनीश पाल ने बताया कि परिवार ने चारधाम यात्रा का प्लान बनाया था। इसी दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर “बाय हेलीकॉप्टर केदारनाथ-बदरीनाथ” का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करते ही “हिमालय टूर” नाम से व्हाट्सएप नंबर से मैसेज आया।

पीड़ित के अनुसार, व्हाट्सएप चैट और कॉल के जरिए बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने खुद को चारधाम हेली यात्रा का सरकारी अधिकृत एजेंट बताया और यात्रा से जुड़ी जानकारी मांगी। भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 1,17,000 रुपये ट्रांसफर करा लिए।

तहरीर के मुताबिक, तीन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 60 हजार रुपये बीती 2 अप्रैल को, जबकि 57 हजार रुपये 15 अप्रैल को दो अलग-अलग बैंक के खाते में भेजे गए। पीड़ित ने यह रकम अपने और पत्नी के बैंक खाते से ट्रांसफर की थी। पीड़ित ने बताया कि रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया।

हल्द्वानी कोतवाल विजय कुमार मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला साइबर पुलिस स्टेशन रुद्रपुर को ट्रांसफर कर दिया गया है। आगे की जांच साइबर पुलिस करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *