– एसटीएफ और किच्छा पुलिस टीम को मिली सफलता, बरेली से होती थी हेरोइन की सप्लाई
Sahnawaz arrested with heroin worth 3 crore, JMN : उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुमाऊं के सबसे बड़े हेरोइन सप्लायरों में शामिल सहनवाज उर्फ मामू को गिरफ्तार कर लिया है। किच्छा कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर चौकी इलाके में STF और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियुक्त के कब्जे से 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
STF का शिकंजा, 1 हफ्ते में दूसरी बड़ी सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर के निर्देशन में पूरे प्रदेश में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में CO परवेज अली के पर्यवेक्षण और निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी गई। STF की टीम एक हफ्ते के भीतर दूसरी बड़ी बरामदगी कर नशा माफिया की कमर तोड़ चुकी है।
कुमाऊं का बड़ा सप्लायर निकला सहनवाज
पुलिस के अनुसार सहनवाज उर्फ मामू कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का बड़ा सप्लायर माना जाता था। ड्रग पैडलरों के बीच इसकी सप्लाई की जाने वाली हेरोइन की “डिमांड” इसलिए ज्यादा थी क्योंकि यह उच्च शुद्धता की बताई जा रही थी। STF बीते 2 साल से इसकी तलाश में जुटी थी, अब जाकर बड़ी कामयाबी मिली है।
बरेली कनेक्शन का खुलासा, बड़े नेटवर्क की जांच
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बरेली निवासी ‘भइया’ नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदता था। सप्लाई के लिए अक्सर एक डिलीवरी एजेंट भेजा जाता था। STF को सप्लायर और उसके एजेंट की पहचान से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। अब STF की एंटी नार्कोटिक्स टीम पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सहनवाज पुत्र इस्तेखार (उर्फ मामू) 36 वर्ष का है और बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। हेरोइन के साथ आरोपी से बाइक बरामद की गई है।
ये थे एसटीएफ और पुलिस टीम में
STF एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट में निरीक्षक पावन स्वरुप, SI विनोद चंद्र जोशी, कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान, इसरार अहमद थे। जबकि कोतवाली किच्छा पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश दानू, SI पवन जोशी, कांस्टेबल उमेश सिंह व उमेद गिरी थे।
