300 किलो प्रतिबंधित गौमांस बरामद, पुलिस पर फायरिंग कर दो तस्कर फरार

300 किलो प्रतिबंधित गौमांस बरामद, पुलिस पर फायरिंग कर दो तस्कर फरार

– गदरपुर में गौ-तस्करी का भंडाफोड़, स्विफ्ट कार समेत चार वाहन जब्त

300 Kg Beef Recovered and Two Arrest, JMN : गौवंश संरक्षण स्क्वाड और गदरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 300 किलोग्राम प्रतिबंधित गौमांस बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर गांधी कॉलोनी, गदरपुर में एक स्विफ्ट डिजायर कार (DL 2C AK 8699) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गौमांस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नईम पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी अगलगा, थाना स्वार, जनपद रामपुर तथा अबरार पुत्र बाबू खां निवासी गांधी कॉलोनी, गदरपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने लगे और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

तीन बाइक भी बरामद
पुलिस ने मौके से स्विफ्ट कार के अलावा तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। बरामद गौमांस और वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित गौमांस को कहां ले जाया जा रहा था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कुमाऊँ परिक्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गौ-तस्करी और गौवंश से जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त पुलिस टीम में ये थे
प्रभारी गौवंश संरक्षण स्क्वाड एसआई पंकज बेलवाल, एसआई संजय बोहरा, कांस्टेबल संजीव कुमार, एहसान अली, राजेश गिरी, दिनेश रावत थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *