बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामला: 20 से 31 मार्च तक लगेंगे पुनर्वास शिविर, 5300 परिवारों तक पहुंचेगी टीम

बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामला: 20 से 31 मार्च तक लगेंगे पुनर्वास शिविर, 5300 परिवारों तक पहुंचेगी टीम

– सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन और विधिक सेवा प्राधिकरण सक्रिय, घर-घर बांटे जाएंगे प्रधानमंत्री आवास योजना के फॉर्म

Banbhulpura Railway Encroachment Case, JMN : बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पुनर्वास की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को बनभूलपुरा क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित शिविर स्थलों का निरीक्षण किया।

प्रशासन की ओर से 20 मार्च से 31 मार्च 2026 तक छह स्थानों पर पुनर्वास शिविर लगाए जाएंगे, जहां प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन करने और योजना की जानकारी दी जाएगी।

रविवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय हल्द्वानी में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और रेलवे अधिकारियों की बैठक भी हुई। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के समयबद्ध अनुपालन पर जोर दिया गया।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, ताकि कोई भी परिवार योजना से वंचित न रह जाए। जिला प्रशासन के अनुसार बनभूलपुरा क्षेत्र में करीब 5300 से अधिक परिवार निवास करते हैं।

उन्होंने बताया कि पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा और उनके आवेदन भरवाए जाएंगे। लक्ष्य है कि 31 मार्च तक पूरी प्रक्रिया पूरी कर सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके।

निर्णय लिया गया कि मंगलवार से विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की टीमें घर-घर जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन पत्र वितरित करेंगी। प्रत्येक शिविर में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरपीएफ भी तैनात रहेगी।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि इस कार्य में स्थानीय पार्षदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आवेदन पत्रों का वितरण सुनिश्चित करते हुए पात्रता की गहन जांच भी समय पर की जाए।

बैठक में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, उप सचिव राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल थपलियाल, एसपी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे** सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे के एडीआरएम मनोज कुमार, सुरक्षा प्रभारी पवन और बृजेश कुमार वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
* रेलवे स्टेशन हल्द्वानी
* अंजुमन इस्लामिया बालिका पूर्व माध्यमिक विद्यालय किदवई नगर
* राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनभूलपुरा
* राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बनभूलपुरा
* राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा
* मदरसा नैनीताल पब्लिक स्कूल बनभूलपुरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *