रोजगार तलाशने मध्यप्रदेश से निकले भाइयों ने हल्द्वानी में खाया जहर

रोजगार तलाशने मध्यप्रदेश से निकले भाइयों ने हल्द्वानी में खाया जहर

– भद्यूनी रोड के जंगल में दोनों भाइयों ने एक साथ गटका सल्फास, बड़े भाई की मौत

Brothers from Madhya Pradesh consumed poison, JANMORCHA : मध्यप्रदेश में रहने वाले सगे भाइयों ने नैनीताल जिले के हल्द्वानी आकर जहर खा लिया। जान देने के लिए दोनों भद्यूनी रोड के जंगल में पहुंचे। गंभीर हालत में पुलिस ने रेस्क्यू कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां महज 22 वर्षीय बड़े भाई की मौत हो गई। जबकि छोटे भाई की हालत नाजुक है। बताया जा रहा है कि दोनों रोजगार तलाश करने की बात कहकर मध्य प्रदेश स्थित घर से निकले थे। काठगोदाम पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह काठगोदाम पुलिस को सूचना मिली कि भद्यूनी रोड के जंगल में बने जल संस्थान के ट्यूबवेल के पास दो युवकों ने जहर खा लिया है। ट्यूबवेल कर्मी की सूचना पर आनन-फानन में मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी दिलीप कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

जंगल से दोनों युवकों को रेस्क्यू कर एम्बुलेंस से सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर दोनों की शिनाख्त रीवा मध्यप्रदेश निवासी 22 वर्षीय शिवेश मिश्रा और 21 वर्षीय बृजेश मिश्रा के रूप में की गई। पुलिस ने बताया कि दोनों सगे भाई हैं और घटना स्थल से सल्फास का रैपर मिला है।

घटना में बड़े भाई शिवेश की मौत हो गई है। जबकि गंभीर अवस्था में बृजेश को डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वह शुक्रवार तक शहर पहुंचेंगे, जिसके बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, शव को मॉर्चरी में रख दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *